●● फिर फैक्ट्री में साढे बाइस घण्टे●●

फैक्ट्री में चार सौ मजदूर हैं। बीस-पच्चीस परमानेन्ट मजदूर हैं और बाकी सब एक ठेकेदार कम्पनी के जरिये रखे गये हैं। दो शिफ्ट 12-12 घण्टे की। ओवर टाइम का भुगतान दुगुनी दर की बजाय सिंगल रेट से। रविवार को साप्ताहिक अवकाश।

जनवरी माह में एक रविवार को सुबह आठ से साँय साढे छह और फिर रात आठ से सोमवार सुबह आठ बजे तक फैक्ट्री में काम किया था। साढे बाइस घण्टे काम।

इधर फरवरी में तीनों रविवार को फैक्ट्री में काम किया है। पहले दो रविवार को साढे दस घण्टे की ड्युटी और कल, 20 फरवरी वाले रविवार को साढे बाइस घण्टे फैक्ट्री में काम किया।

शनिवार, 19 फरवरी की नाइट शिफ्ट में 12 घण्टे काम करने वाले 200 वरकरों ने रविवार को साँय साढे छह बजे तक काम किया। सोमवार से वे सुबह की शिफ्ट में काम करेंगे।

शनिवार को दिन की ड्युटी वालों को कम्पनी ने रविवार को सुबह आठ बजे फैक्ट्री बुलाया था। वैसे तो मैं रविवार को फैक्ट्री नहीं जाता पर इधर मैनेजमेंट का उत्पादन के लिये पहले वाला प्रेशर नहीं है। फरवरी महीना छोटा है। मई में विवाह है इसलिये थोड़े पैसे कमाने की बात भी है। तीनोँ रविवार को काम किया है। कल तो साढे बाइस घण्टे काम किया।

मशीनों की सफाई के बाद सुबह साढे आठ बजे उत्पादन आरम्भ। दस बजे चाय। फिर एक बजे लन्च। चार बजे चाय। प्रोडक्शन टारगेट पूरा कर कुछ गपशप और साँय साढे छह पर छुट्टी।

घर पहुँचा। मुर्गा खाने का मन। बड़ा भाई बोला कि अकेले के लिये तो बनेगा नहीं। चार सहकर्मियों के साथ निकला। ढाबे से मुर्गे का कोरमा और नवाबी रोटी ली। तीन सौ रुपये का बिल। ढाबे की बजाय रास्ते में रात को खाली बैन्चों पर बैठ कर भोजन किया। फिर वहीं से फैक्ट्री गये।

घर पर फोन कर रात की ठण्ड के लिये शॉल मँगवाया। भाई साथ में दाल-चावल भी दे गया। रात को भूख लगे तब खाने वाली बात रहती है। कोई दस, कोई ग्यारह बजे खाता है। मैंने 12 बजे भोजन किया।

रात 9 बजे मशीनें चालू की। किसी ने जल्दी करके एक बजे तक, किसी ने दो बजे तक, सब ने साढे तीन बजे तक अपना-अपना प्रोडक्शन टारगेट पूरा किया।

टाइम ऑफिस का बन्दा रात दो और फिर तीन बजे फैक्ट्री में चक्कर लगाता है। कोई सो रहा होता है उसे उठा देता है।

निर्धारित उत्पादन पूरा कर आराम के साथ पसर कर गपशप। फिर शौचालय जाना। हाथ-मुँह धोना। सुबह सात बजे मशीनें साफ करना। एक घण्टे हँसी-मजाक, बातचीत, मोबाइल। आठ बजे छुट्टी।

आज रात आठ बजे से रात की बारह घण्टे ड्युटी।

—21/02/2022

This entry was posted in General, In Hindi. Bookmark the permalink.